पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं आयकर विभाग की टीम आज यानी गुरुवार को इन नोटों की गिनती करेगी। मामला जिला मुख्यालय से 32km दूर नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव का है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर शाम सूचना मिली कि बरईपुर रामनगर निवासी राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर में चोरी के रुपए जमीन में गाड़कर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले पुलिस ने पूरे गांव की बिजली कटवा दी। फिर सर्च अभियान शुरू किया।
घर की तलाशी के दौरान जमीन में दबाकर रखे गए तीन ड्रम मिले। इनमें नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। पुलिस ने कैश को कब्जे में लेकर सील कर दिया। पुलिस ने घर की घेराबंदी कर दी है। घर के चारों तरफ 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती है।
घर के साथ उसके बाग और खाली जमीन पर भी पुलिस ने अपना रिबन बांध दिया है। मौके पर नवाबगंज, होलागढ़ थाने की फोर्स के 2 स्पेशल टीम हैं। इस दौरान एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह मौजूद हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि राकेश यादव का भाई बबलू यादव कई साल से पुणे में रहता था। वर्ष 2020 में कोरोना लॉकडाउन के दौरान वह अपने दो जीजा और साढू के साथ गांव आया था। आशंका है कि बरामद रकम का संबंध इसी दौरान गांव लाई गई नकदी से हो सकता है।
गांव वालों का दावा- कुछ साल में खरीदी कई बीघा जमीन
ग्रामीणों के मुताबिक, राकेश यादव ने पिछले कुछ वर्षों में 50 बीघा जमीन खरीदी है। करीब 1.5 करोड़ रुपए की लागत से मकान बनवाने के साथ दो ट्रैक्टर और डीजे भी खरीदा है।