नोएडा सेक्टर 43 स्थित सी-ब्लॉक के कमर्शियल क्षेत्र और ग्रीन बेल्ट की बदहाली स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर सुरक्षा संकट का कारण बन चुकी है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण उगी घनी झाड़ियों, बाउंड्री वॉल के अभाव और अंधेरे के चलते यह पूरा इलाका असामाजिक तत्वों और शराबियों की आवाजाही का केंद्र बनता जा रहा है। शाम ढलते ही यहां सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है और चोरी जैसी घटनाएं सामने आने से महिलाओं व बुजुर्गों में भय का माहौल है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दीपक शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए द्वारा महाप्रबंधक श्रीमान सत्य प्रकाश जी तथा संबंधित अधिकारियों को बार-बार सूचित करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से जनहित में संज्ञान लेने का अनुरोध करते हुए कहा कि सेक्टरवासियों की सुरक्षा और क्षेत्र की सुंदरता बनाए रखना प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे समय रहते पूरा किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण से पुरजोर मांग की है कि इस ग्रीन बेल्ट और कमर्शियल भूमि की तत्काल मुकम्मल सफाई कराई जाए, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, मजबूत बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए और क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए ताकि निवासियों को भयमुक्त वातावरण मिल सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।