रायबरेली, 28 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 के तहत रायबरेली में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने विधानसभा क्षेत्र 180-रायबरेली के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बेला टिकई के बूथ संख्या 325 एवं 326, जूनियर हाईस्कूल बेलाभेला के बूथ संख्या 328, 339, 340 एवं 341 तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुंशीगंज के बूथ संख्या 212 एवं 213 का भ्रमण किया। इस दौरान बीएलओ द्वारा प्राप्त एवं ऑनलाइन किए गए विभिन्न प्रपत्रों की स्थिति की जानकारी ली।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम एवं विवरण संशोधन तथा मृतक और स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नामों के सत्यापन की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वर्तमान मतदाता सूची का सही तरीके से मिलान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी प्राप्त प्रपत्रों को समय से ऑनलाइन अपलोड करने तथा निर्धारित रजिस्टर में नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाता पुनरीक्षण अभियान में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), ग्राम प्रधानों एवं सुपरवाइजरों का सहयोग लेने पर जोर दिया।
अमित कुमार ने कहा कि गांवों और संबंधित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा आवश्यकतानुसार आवेदन करने के लिए जागरूक किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन पात्र नागरिकों के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके आवेदन ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, पैन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र जैसे निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार प्राप्त किए जाएं।
उन्होंने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाई जा सके।