नोएडा। भारतीय किसान यूनियन भूमि पुत्र के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी रवि राघव ने दीपावली के पावन पर्व पर देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने की अपील की है।
रवि राघव ने कहा कि दीपावली का त्योहार हमारी प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं का परिचायक है। लेकिन आज आधुनिकता की दौड़ में हम अपनी परंपराओं और सामाजिक जिम्मेदारियों को कहीं न कहीं भूलते जा रहे हैं। दीपावली केवल अपने घरों को रोशनी से सजाने का पर्व नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का अवसर है।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस दीपावली पर खरीदारी ऐसे छोटे दुकानदारों, कुम्हारों, गरीब परिवारों और स्थानीय कारीगरों से करें, जिनकी रोजी-रोटी इसी त्योहार पर निर्भर करती है। हमारी छोटी-सी खरीदारी से किसी गरीब परिवार के घर में भी दीपक जल सकता है और उनके बच्चों के चेहरे पर मुस्कान आ सकती है।
उन्होंने कहा कि हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि दीपावली पर हमारे आसपास किसी भी गरीब परिवार का घर अंधकार में न रहे। सच्ची खुशी और सच्ची देशभक्ति तभी है, जब हम अपने त्योहार की खुशियों में समाज के अंतिम व्यक्ति को भी शामिल करें।
रवि राघव ने चीनी सामानों के बहिष्कार की अपील करते हुए कहा कि हमें विदेशी, विशेषकर चीनी सजावटी वस्तुओं के स्थान पर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन से आने वाली बिजली की झालरों और सजावटी सामान के बजाय मिट्टी के दीपक और स्थानीय स्तर पर बनी मोमबत्तियों का इस्तेमाल करें। इससे देश के कुम्हारों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय लोगों की दीपावली भी अच्छी तरह मन सकेगी।