प्रयागराज
स्कूली बच्चों की सुरक्षा और विद्यालयों के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने जिले के सभी स्कूलों के प्रबंधन को पत्र जारी कर पांच प्रमुख बिंदुओं पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सबसे महत्वपूर्ण निर्देश यह है कि देर से स्कूल पहुंचने के कारण किसी भी बच्चे को विद्यालय में प्रवेश देने से मना नहीं किया जाएगा। इस आधार पर बच्चे के खिलाफ किसी भी प्रकार की अनुशासनात्मक या प्रशासनिक कार्रवाई भी नहीं की जा सकेगी।
पुलिस कमिश्नर की ओर से जारी पत्र में स्कूलों के खुलने और छुट्टी होने के समय लगने वाले जाम पर भी चिंता जताई गई है। पुलिस कमिश्नरेट को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि स्कूलों के बाहर बसों, वैन, टेंपो और ई-रिक्शा के अनियंत्रित जमावड़े तथा अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित होता है। इससे स्कूली बच्चों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पत्र में हाल ही में एक बच्चे के साथ हुई दुखद दुर्घटना का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि कुछ मिनट देर से पहुंचने पर बच्चे को विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया गया था। इसके बाद हुई दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना का हवाला देते हुए पुलिस कमिश्नर ने स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने की हिदायत दी है।
स्कूल प्रबंधन के लिए पांच प्रमुख निर्देश
1. देर से आने पर भी मिलेगा प्रवेश: किसी भी बच्चे को देर से विद्यालय पहुंचने के कारण प्रवेश से वंचित नहीं किया जाएगा। इस आधार पर उसके खिलाफ अनुशासनात्मक या प्रशासनिक कार्रवाई भी नहीं होगी।
2. स्कूल वाहनों का पूरा रिकॉर्ड रखना अनिवार्य: स्कूल बस, वैन और अन्य निजी वाहनों के पंजीकरण नंबर, चालक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस और पहचान पत्र का विवरण सुरक्षित रखना होगा। वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर रोक रहेगी। किसी बच्चे को सड़क या घर के बाहर अकेले नहीं उतारा जाएगा।
3. पार्किंग और बच्चों के चढ़ने-उतरने की व्यवस्था: प्रत्येक विद्यालय को बच्चों के वाहनों से उतरने और चढ़ने के लिए निर्धारित स्थान बनाना होगा। सड़क पर दोहरी पार्किंग और अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी।
4. छुट्टी के समय यातायात प्रबंधन: अलग-अलग कक्षाओं की छुट्टी के बीच 20 से 30 मिनट का अंतर रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों और वाहनों के बाहर निकलने से जाम की स्थिति न बने। इसके लिए स्थानीय यातायात पुलिस से समन्वय भी करना होगा।
5. हर स्कूल में नोडल अधिकारी की नियुक्ति: प्रत्येक विद्यालय में एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा, जो पुलिस और यातायात पुलिस के साथ लगातार संपर्क में रहकर सुरक्षा एवं यातायात संबंधी व्यवस्थाओं का समन्वय करेगा।
आयोजनों की सूचना पुलिस को पहले देनी होगी
पुलिस कमिश्नर ने प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। स्कूलों में वार्षिकोत्सव, खेलकूद प्रतियोगिता और अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) जैसे आयोजनों की सूचना स्थानीय पुलिस एवं यातायात पुलिस को पहले से देनी होगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रखी जा सके।
पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया के इन निर्देशों का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालयों के आसपास यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना है। अब स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी कि वह बच्चों की सुरक्षा, परिवहन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर निर्धारित मानकों का पालन करे।