प्रयागराज। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए एक व्यक्ति ने अपनी निजी कार को ही पुलिस की गाड़ी जैसा रूप दे रखा था। कार पर पुलिस का लोगो लगाने के साथ ही डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी भी रखी थी। इतना ही नहीं, वाहन के पीछे डॉक्टर का लोगो और अंग्रेजी में 'DOCTOR' भी लिखवा रखा था। हालांकि, कर्नलगंज पुलिस की चेकिंग के दौरान उसकी यह तरकीब काम नहीं आई। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो पूरा मामला सामने आ गया।
गलत लेन में कार चलाते समय पुलिस ने रोका
जानकारी के मुताबिक, बुधवार 25 नवंबर को थाना कर्नलगंज पुलिस की टीम पुलिस क्लब तिराहा, कचहरी रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक गहरे नीले रंग की मारुति कार गलत लेन में आती दिखाई दी। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार को रोककर जांच की।
कार पर पुलिस और डॉक्टर के प्रतीक चिह्न मिले
जांच के दौरान कार संख्या UP70 HS 0416 पर पुलिस का लोगो लगा हुआ मिला। वहीं, कार के डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी (पी-कैप) रखी हुई थी। इसके अलावा वाहन के पिछले हिस्से पर डॉक्टर का लोगो और अंग्रेजी में 'DOCTOR' लिखा हुआ था। कार पर लगे इन प्रतीक चिह्नों को देखकर पुलिस ने चालक से पूछताछ की।
चालान से बचने के लिए अपनाया था तरीका
पुलिस पूछताछ में चालक की पहचान मनोज कुमार यादव पुत्र लाल बहादुर यादव, निवासी ग्राम हरदी, थाना बारा, प्रयागराज के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान वह पुलिस विभाग अथवा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत होने का कोई प्रमाण नहीं दे सका। चालक ने बताया कि वह पुलिस की चालान कार्रवाई से बचने के लिए अपनी निजी कार पर पुलिस और डॉक्टर से संबंधित प्रतीक चिह्न लगाकर चलता था। साथ ही, उसने पुलिस की टोपी भी कार के डैशबोर्ड पर रख रखी थी, ताकि वाहन को देखकर पुलिसकर्मी उसे सरकारी विभाग से जुड़ा समझें।
एमवी एक्ट के तहत पुलिस ने की कार्रवाई
मामले का खुलासा होने के बाद थाना कर्नलगंज पुलिस ने वाहन के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत नियमानुसार चालान की कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सरकारी विभागों के नाम, लोगो और पहचान चिह्नों का अनधिकृत इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
प्रयागराज पुलिस ने की आमजन से अपील
प्रयागराज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस या किसी अन्य सरकारी विभाग में कार्यरत नहीं होने की स्थिति में अपने निजी वाहनों पर संबंधित विभाग के लोगो, प्रतीक चिह्न अथवा पहचान प्रदर्शित करने वाली सामग्री का अनधिकृत इस्तेमाल न करें। इसके साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और गलत दिशा में वाहन न चलाने की अपील की गई है।