ब्यौहारी से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को पंडित रामकिशोर शुक्ल स्मृति शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय ब्यौहारी में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने में लौह पुरुष
का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें तथा समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। विधायक ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का भी बोध होना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. सुनील सिंह, डॉ. आशीष द्विवेदी, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. मनीष कुमार त्रिपाठी एवं पूर्व सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. आर. एस. गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर नगर
परिषद ब्यौहारी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता उर्फ राजन, सौरभ शुक्ला, गौरव सिंह गोल्डी, मोहसिन खान, पत्रकार विकास शर्मा, सतेंद्र गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने सरदार पटेल के चित्र एवं उनके विचारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. के. तिवारी ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व को बताते हुए कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. मोहितलाल वर्मा द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. सोनू सिंह, प्रो. शिवानी सिंह रघुवंशी, डॉ. हरिओम शुक्ला, श्री बंशबहादुर सिंह, श्री बी.पी. सोनी, श्रीमती पार्वती सोनी, डॉ. उपेन्द्र सिंह, डॉ. दुर्गा गुप्ता, श्री विजय बहादुर सिंह, श्री सुधांशु सिंह एवं श्री कन्हैयालाल साहू सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।