सोनभद्र। सोनभद्र नगर में श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला के आठवें दिन गुरुवार को पौराणिक व भक्तिमय माहौल के बीच विभिन्न प्रमुख प्रसंगों का मनमोहक मंचन किया गया। 'आदर्श श्री रामलीला मंडल पिपलेश्वर धाम सिंगरौली' के सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सायं 7 बजे से प्रस्तुत लीला में प्रभु श्री राम और केवट के अनन्य प्रेम का भावपूर्ण प्रसंग तथा शूर्पणखा नासिका छेदन (नक्कटिया) का सजीव मंचन प्रस्तुत किया गया। गंगा पार करने के दौरान केवट द्वारा प्रभु श्री राम के चरणों को पखारने और अनन्य भक्ति भाव में लीन होने का दृश्य देखकर रामलीला मैदान में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इसके पश्चात पंचवटी प्रसंग के दौरान लंकापति रावण की बहन शूर्पणखा का लक्ष्मण जी द्वारा नाक-कान काटे जाने की लीला का अत्यंत जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसे देख दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और 'जय श्री राम' के उद्घोष से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया।
इसी क्रम में सांसद छोटेलाल खरवार द्वारा रामलीला समिति परिसर में सांसद निधि से नवनिर्मित भव्य टीन शेड का फीता काटकर औपचारिक लोकार्पण किया गया। लोकार्पण के दौरान सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इस नए टीन शेड के निर्माण से रामलीला देखने आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को मौसम की प्रतिकूलताओं से राहत मिलेगी और बैठने में सहूलियत होगी।
इस अवसर पर सांसद छोटेलाल खरवार के साथ समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह, अध्यक्ष पवन जैन, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, आनंद मिश्रा, प्रशांत जैन, राजेश सोनी, चंदन केसरी, राम प्रसाद यादव, विनोद कनोडिया, विनय जायसवाल, कीर्तन जी, विमल जैन, गोल्डी, चंदू केजरीवाल सहित समिति के अन्य सदस्य गण एवं भारी संख्या में दर्शकगण उपस्थित रहे