सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के ग्राम कुरा, चुर्क में रेलवे ट्रैक के किनारे एक नवजात बालिका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन सोनभद्र की टीम ने डायल 112 पुलिस के सहयोग से तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्ची का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी चर्चित गौर के संरक्षण एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर जनपद में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रेलवे ट्रैक के किनारे नवजात बालिका मिलने की सूचना प्राप्त होते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सक्रिय हो गई।
चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, सुपरवाइजर अंशु गिरि एवं सुधा गिरि तथा डायल 112 की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। संयुक्त टीम ने नवजात बालिका को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई की।
रेस्क्यू के बाद परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने बालिका को चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए रॉबर्ट्सगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल नवजात चिकित्सकों की देखरेख में है।
संकट में बच्चों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन तत्पर
परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने आमजन से अपील की कि कहीं भी कोई नवजात शिशु या बच्चा लावारिस, असुरक्षित अथवा संकटपूर्ण परिस्थिति में दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें। तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। यदि कोई व्यक्ति बच्चे का पालन-पोषण करने में असमर्थ है, तो उसे असुरक्षित स्थिति में छोड़ने के बजाय बाल कल्याण समिति अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से वैधानिक संरक्षण और सहायता प्राप्त करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कभी-कभी किसी मासूम की जिंदगी बचाने के लिए आपकी एक छोटी-सी सूचना भी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। बच्चों को सुरक्षित रखना केवल हमारा कर्तव्य नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी भी है।