भदोही। जनपद भदोही के थाना ऊँज पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए बिहार से लापता एक 21 वर्षीय युवक को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को सुबह करीब चार बजे वाहिदा मोड़ थाना क्षेत्र ऊँज में स्थानीय लोगों को एक युवक घूमता हुआ दिखाई दिया। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लगने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना ऊँज पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ करते हुए उसकी पहचान एवं परिजनों का पता लगाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस के अथक प्रयास से युवक की पहचान धीरज कुमार पुत्र रमाशंकर राम, निवासी ग्राम नरायना, थाना चेनारी, जनपद सासाराम (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस ने उचित माध्यम से उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि धीरज कुमार 5 नवंबर 2026 को घर से लापता हो गया था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है।
सूचना मिलने पर धीरज की माता उषा देवी, चाचा हरिहर राम तथा परिजन जगनारायण राम थाना ऊँज पहुंचे और युवक की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर धीरज कुमार को उसकी माता एवं अन्य परिजनों की सुपुर्दगी में सकुशल सौंप दिया।
भदोही पुलिस की इस मानवीय पहल और तत्परता से परिवार को अपना बिछड़ा सदस्य वापस मिल गया। परिजनों ने पुलिस के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।