शहडोल - तहसील बुढार अंतर्गत सोन नदी के बटली घाट से विगत चार दिनों से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर के निर्देश एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम द्वारा 7 अक्टूबर 2026 को प्रातः 5 बजे ग्राम जरवाही स्थित बटली घाट पर दबिश देकर जांच की गई।
जांच के दौरान मौके पर मजदूरों द्वारा खनिज रेत का अवैध उत्खनन किया जाना तथा वाहनों में रेत लोड किया जाना पाया गया। मौके पर अवैध उत्खनन में संलिप्त तीन वाहन क्रमांक MP18ZD7026, MP18GA4878 एवं MP18ZH4734 पाए गए। जांच में इनके वाहन स्वामी क्रमशः पवन साहू, प्रकाश साहू एवं सागर कुशवाहा, सभी निवासी जरवाही, पाए गए।
खनिज विभाग की टीम द्वारा तीनों वाहनों को जब्त कर थाना बुढार की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान एक वाहन जांच दल को देखकर मौके से फरार हो गया। फरार वाहन के मालिक का नाम विक्की यादव पिता किशोर यादव, निवासी जरवाही बताया गया है। उसके विरुद्ध थाने में पृथक से प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
उक्त सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध अवैध खनन एवं परिवहन का प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय शहडोल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
330 घन मीटर रेत का किया गया विनिष्टीकरण
प्राप्त शिकायतों के आधार पर 6 अक्टूबर 2026 को खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से तहसील जैतपुर अंतर्गत ग्राम कमता एवं लुकामपुर में भी कार्रवाई की गई। ग्राम कमता में 150 घन मीटर तथा ग्राम लुकामपुर में तीन स्थानों पर 180 घन मीटर, इस प्रकार कुल 330 घन मीटर खनिज रेत के अवैध भंडारण का जेसीबी के माध्यम से विनिष्टीकरण किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी है।