नोएडा के सेक्टर-137 के समीप स्थित सेक्टर-140ए में नवनिर्मित साइबर पुलिस चौकी का शुभारंभ किया गया। इस पहल को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में नोफा के महासचिव सुरोजीत दासगुप्ता सहित क्षेत्र के कई गणमान्य अतिथियों ने गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह का स्वागत किया। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में नवनिर्मित पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में एक्सोटिका फ्रेस्को एओए की अध्यक्ष श्रीमती कविता कुमार राजेश, पारस टिएरा के अध्यक्ष सुखपाल सिंह राणा, गुलशन विवांते से अखिल अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न आवासीय सोसायटियों के सामुदायिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नोफा के महासचिव सुरोजीत दासगुप्ता ने कहा कि सेक्टर-137 के नजदीक एक और पुलिस चौकी की स्थापना स्वागत योग्य पहल है। इससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और निगरानी बढ़ेगी। साथ ही सेक्टर-137 एवं आसपास के सेक्टरों में रहने वाले लोगों में सुरक्षा का भाव और मजबूत होगा।
उन्होंने गौतमबुद्ध नगर पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर पुलिस की बेहतर उपलब्धता से निवासियों को सुरक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान में भी सहूलियत मिलेगी।
नई पुलिस चौकी की स्थापना से सेक्टर-140ए, सेक्टर-137 और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।