नोएडा रजत विहार, सेक्टर-62 के सी-ब्लॉक स्थित मुख्य द्वार पर गुरुवार, 22 अक्टूबर को श्री खाटू श्याम जी की कृपा एवं आशीर्वाद की कामना के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और राहगीरों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर श्याम जी का प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा देर तक चलता रहा और प्रसाद पाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगातार लगी रहीं। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सेवा का भाव देखने को मिला।
इस विशाल भंडारे का आयोजन समाज सेविका श्रीमती शशि शर्मा, राधे श्याम शर्मा, दीपक शर्मा एवं उनके परिवार की ओर से किया गया। आयोजक परिवार ने सभी श्रद्धालुओं और राहगीरों का स्वागत करते हुए उनसे भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती शशि शर्मा रजत विहार आरडब्ल्यूए, सी-ब्लॉक की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने अपने अथक प्रयासों से सभी निवासियों के सहयोग से अपने कार्यकाल में रजत विहार में शिव शक्ति मंदिर का निर्माण कराया था, जो आज स्थानीय निवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
भंडारे में राहगीरों, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजक परिवार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि बाबा श्याम की कृपा सभी पर बनी रहे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना निरंतर मजबूत होती रहे।