Right Banner

यूक्रेन से फतेहाबाद लौटे छात्र बोले पढ़ाई की व्यवस्था करे सरकार, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : रूस और यूक्रेन के बीच हुए युद्ध के दौरान किसी प्रकार जान बचाकर वापस लौटे फतेहाबाद जिले के विद्यार्थी अपनी मेडिकल की पढ़ाई बीच में ही छूटने पर निराश हैं और परेशान हैं। विद्यार्थियों ने हरियाणा सरकार से आगे की पढ़ाई हरियाणा के ही मेडिकल कॉलेजों में उसी फीस पर करवाने की मांग रखी है। इस संबंध में मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने विद्यार्थी जिला मुख्यालय पहुंचे। फतेहाबाद के अमन, साहिल कंबोज, साक्षी, तामसपुरा के जसप्रीत ने बताया कि काफी विद्यार्थी मेडिकल के विभिन्न वर्षों में यूक्रेन में अध्ययनरत थे। लेकिन इसी दौरान युद्ध होने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा।

भारत सरकार ने आपरेशन गंगा चलाकर उनकी जो मदद की, उसके लिए वे शुक्र गुजार हैं, लेकिन उनके भविष्य पर अब अंधेरा छा गया है। उनके माता-पिता ने ऋण लेकर, जमीनें बेचकर किसी तरह पढ़ाई के लिए वहां भेजा, लेकिन अब उनकी पढ़ाई अधर में लटक गई है। अब यह भी दिख रहा है स्थिति आगामी कुछ वर्षों तक सामान्य नहीं हो सकती। इसलिए हरियाणा सरकार कर्नाटक सरकार की तर्ज पर आगे की पढ़ाई का प्रबंध हरियाणा में ही करवाए।

उन्हें उसी वर्ष में एडमिशन यहां दिया जाए, जिस वर्ष की उनकी पढ़ाई यूक्रेन में चल रही थी और उसी फीस पैटर्न को जारी रखा जाए। ज्ञात रहे कि फतेहाबाद से 71 विद्यार्थी यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे थे। वहां पर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। लेकिन वहां पर युद्ध होने के बाद 66 विद्यार्थी सुरक्षित वापस आ गए है। लेकिन सबसे बड़ी बात ये है कि अब इन विद्यार्थियों को पढ़ाई का संकट पैदा हो गया है।