Right Banner

रूस-यूक्रेन युद्ध पर बोरिस जानसन ने की पीएम मोदी से बात, दोनों देशों के बीच तनाव कम करने का किया आह्वान
लंदन, प्रेट्र। रूस-यूक्रेन युद्ध से गंभीर होते हालात पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात की। जानसन ने रूस की कार्रवाई को विश्व के लिए खतरनाक बताया। डाउनिंग स्ट्रीट की प्रवक्ता ने दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का ब्योरा देते हुए कहा कि जानसन ने भारत का क्षेत्र में शांति बहाली को बढ़ावा देने और तनाव कम करने के लिए ब्रिटेन के साथ काम करने का आह्वान किया। दोनों नेता इस बात पर सहमत थे कि अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करके ही आगे बढ़ा जा सकता है।

प्रवक्ता ने कहा कि पीएम जानसन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कार्रवाई को विश्व के लिए बहुत ही खतरनाक और परेशान करने वाली बताया है। दोनों नेताओं ने माना कि यूक्रेन की एकता और संप्रभुता का सम्मान होना चाहिए। रूस को संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन करना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने समकक्ष को भारत की तरफ से यूक्रेन को दी जा रही मानवीय सहायता के बारे में जानकारी दी। द्विपक्षीय संबंधों के संदर्भ में दोनों प्रधानमंत्रियों ने कहा कि वे जल्द से जल्द व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए उत्सुक हैं।

दोनों नेताओं ने भारत और ब्रिटेन के बीच मजबूत और समृद्ध संबंधों का स्वागत किया और आने वाले हफ्तों और महीनों में व्यापार, सुरक्षा और व्यापारिक संबंधों को जारी रखने के लिए सहमत हुए।

वहीं, इसके पहले आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्काट मारिसन और पीएम मोदी के बीच यूक्रेन संकट को लेकर बातचीत हुई थी। दोनों ही नेताओं ने यूक्रेन में चल रहे संघर्ष और मानवीय स्थिति के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त की थी। साथ ही इस तथ्य पर समान रूप से जोर दिया था कि अंतर्राष्ट्रीय कानून का पालन और क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का सम्मान सबको करना जरूरी है।  दोनों नेताओं ने सहमति जताई थी कि यूरोप में चल रहा संघर्ष भारत-आस्ट्रेलिया के लिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र से ध्यान हटाने का कारण कभी नहीं होगा।