Right Banner

बिग बॉस एक्स कंटेस्टेंट उमर रियाज ने रश्मि देसाई के गले में डाली वरमाला, फैन्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली, जेएनएन। बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट उमर रियाज और रश्मि देसाई की जोड़ी फैंस को काफी पसंद हैं। दोनों को बिग बॉस के घर में दर्शकों ने इतना पसंद किया कि दोनों के नाम को मिलाकर उमरश नाम दे दिया। बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद भी दोनों अपने खास दोस्त राजीव अदातिया और नेहा भसीन के साथ अक्सर पार्टी करते हुए नजर आते हैं। हालांकि इन दोनों के फैंस रश्मि और उमर को ऑन-स्क्रीन साथ में ही देखना पसंद नहीं करते बल्कि वह चाहते हैं कि ये दोनों असल जिंदगी में भी कपल बन जाए। हाल ही में उमर रियाज ने सबके सामने रश्मि देसाई के गले में वरमाला पहना दी।

उमर रियाज ने रश्मि देसाई के गले में जैसे ही वरमाला डाली फैंस का दिल खुशी से झूम उठा। लेकिन अगर आप ये सोच रहे हैं कि दोनों ने शादी की है, तो ऐसा नहीं है। दोनों बिग बॉस के बाद हर्ष लिंबाचिया और भारती सिंह के शो 'खतरा-खतरा' में साथ नजर आए। दोनों को साथ में देखकर फैंस की खुशी का ठिकाना ना रहा। दोनों ने साथ में एक टास्क किया जिसकी एक झलक कलर्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। इस वीडियो में पहले उमर रियाज रश्मि देसाई के गले में वरमाला डालने के लिए मशक्कत करते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच की केमिस्ट्री को देखकर दर्शक भी हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।

इस प्रोमो में उमर रियाज के बाद रश्मि देसाई को रोप से बांधा गया था और उमर रियाज को राउंड टेबल पर बिठाया गया। जहां उमर रियाज ने मशक्कत करके रश्मि देसाई के गले में वरमाला पहना दी, तो वही दूसरी तरफ रश्मि देसाई लगातार मेहनत करने के बाद भी उमर के गले तक नहीं पहुंच पाई। रश्मि देसाई को इस तरह मेहनत करते देखकर कॉमेडियन भारती सिंह भी जोक मारते हुए दिखाई दीं। भारती सिंह ने रश्मि देसाई को जोर लगाते हुए देखकर कहा, 'ऐसा लग रहा है दुल्हन गले में वरमाला डालना चाह रही है और दूल्हा उससे दूर भाग रहा है'।

फैंस को उमरश की ये केमिस्ट्री काफी पसंद आ रही है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखने के बाद फैंस लगातार कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने इस मजेदार पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, 'उमरश बहुत ही प्यारे हैं'। दूसरे यूजर ने लिखा, 'यह एपिसोड देखने में बहुत ही मजा आने वाला है'। अन्य यूजर ने लिखा, 'ये दोनों बहुत ही फनी हैं'। फैंस लगातार उमर रियाज और रश्मि देसाई पर कमेंट बॉक्स में अपना प्यार लुटा रहे हैं। हालांकि उमर रियाज और रश्मि देसाई से जब भी उनके रिश्ते पर सवाल किया गया। दोनों ने एक-दूसरे को खुद का अच्छा दोस्त बताया।