Right Banner

खाद्यान्न न मिलने से आक्रोश, नागरिकों का प्रदर्शन
 महुली/विढमगंज (सोनभद्र): खाद्यान्न न मिलने से नाराज नागरिकों का आक्रोश सोमवार को सतह पर आ गया। आक्रोशित नागरिकों ने अनियमितता का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

दुद्धी ब्लाक के ग्राम पंचायत धूमा में सोमवार की सुबह सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर कार्ड धारक पहुंचे। होली पर्व पर खाद्यान्न का वितरण करने की मांग की लेकिन राशन न मिलने पर हंगामा करने लगे। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। मौके पर पहुंचे भाजपा के पदाधिकारियों ने हंगामा कर रहे कार्ड धारकों व डीलर से वार्ता की। आक्रोशित नागरिकों को आश्वस्त किया कि उच्च अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही मानक के अनुरूप खाद्यान्न वितरण की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।इसके पश्चात खाद्यान्न का वितरण शुरू कराया। धूमा ग्राम पंचायत में धूमा प्रथम पर स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार की मनमानी इस कदर बढ़ गई है कि बीते कई वर्षों से लगातार खाद्यान्न में प्रति कार्ड एक किग्रा कम खाद्यान्न कर दिया जाता है। पर्व नजदीक होने के बाद भी यह मनमानी जारी है। मौके पर पहुंचे भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश केसरी, जिला कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार गुप्ता, संजीव कुमार, पांचू पटेल, मनोज पासवान ने आक्रोशित नागरिकों को किसी तरह शांत कराया।

ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव ने कहा कि कोटेदार की मनमानी व लापरवाही की शिकायत हर माह मिलती रहती है। बार-बार हिदायत देने के बावजूद मनमानी कम नहीं हो रही है। प्रदर्शन करने वालों मे जिरमनिया देवी, कर्मी देवी, श्रीदेवी, अवंती देवी, फुलमतिया देवी, मुनिया देवी, भगवती देवी, उमरिया देवी आदि रहीं।