Right Banner

 महंगे पेट्रोल की वजह से घोड़ा बन गया साथी, 'जिगर' से काम पर जाते हैं औरंगाबाद के शेख युसुफ                      

  मुंबई, एएनआइ। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान पर हैं। रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के चलते कच्चे तेल की कीमतें रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई है। आशंका है कि इसका असर भारत में भी देखने को मिल सकता है। तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा कर सकती है। महंगे ईंधन की मार से बचने के लिए महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक शख्स ने नायाब तरीका खोज निकाला है।  ईंधन की कीमतों में लगी आग के चलते औरंगाबाद के शेख युसुफ ने घोड़ा खरीद लिया है। शेख युसुफ एक कालेज में लैब असिस्टेंट का काम करते हैं। वे अपने घोड़े से ही लैब जाते हैं। उन्होंने घोड़े का नाम 'जिगर' रखा है।  शेख युसुफ ने घोड़े से लैब जाने की वजह बताई है। उन्होंने बताया कि 'जिगर' को लाकडाउन के दौरान ४० हजार रुपये में खरीदा था। दरअसल, लाकडाउन के दौरान शेख युसुफ की बाइक खराब हो गई थी। पेट्रोल की कीमतें भी आसमान पर थी। साथ ही लाकडाउन के चलते पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी नहीं चल रहा था, लिहाजा उन्होंने घोड़े से ही लैब जाने का फैसला किया।  शेख युसुफ आगे बताते हैं कि वे अब घोड़े से ही अपनी लैब जाते हैं। उनका कहना है कि घोड़े की सवारी उन्हें फिट रखती है। साथ ही, ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए परिवहन के साधन के रूप में घोड़ा अच्छा विकल्प है।  बता दें कि औरंगाबाद में पेट्रोल की कीमत १११.१० रुपये प्रति लीटर हो गई है जबकि जिले में डीजल का दाम ९३.८३ रुपये प्रति लीटर है।