Right Banner

Russia Ukraine War LIVE: जंग का तीसरा हफ्ता, मारियूपोल में सुरक्षित कारिडोर पर हमला; जानें सीजफायर व निकासी को लेकर रूस का नया वादा
कीव, एएफपी। यूक्रेन में रूस के साथ जंग अब तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने  मारियूपोल में निकासी के लिए बनाए गए सुरक्षित कारिडोर पर रूस द्वारा हमले किए जाने की बात कही है।इससे पहले  रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है अब हर दिन सुबह दस बजे यूक्रेन से रूस तक निकासी के लिए सुरक्षित कारिडोर मुहैया कराई जाएगी। यूक्रेन के पांच शहरों से अब तक करीब 40 हजार लोगों की सुरक्षित निकासी हो चुकी है। यह जानकारी स्वयं राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दी। लेकिन उन्होंने अफसोस जाहिर किया और बताया कि मारियूपोल के दक्षिणी शहर से किसी को भी निकाला नहीं जा सका है। राष्ट्रपति ने जानकारी दी कि रूसी विमान ने खार्कीव के एक इंस्टीट्यूट पर बम बरसाए हैं।

यूक्रेन के शिक्षा एवं विज्ञान मंत्री सेरही शकरलेट के हवाले से कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट में बताया गया है कि रूसी सेना ने बमबारी और गोलाबारी से 280 शैक्षणिक संस्थानों को नष्ट या क्षतिग्रस्त कर दिया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद शुक्रवार को बैठक करेगी जिसमें रूस के उस दावे पर चर्चा की जाएगी जिसमें यूक्रेन पर जैविक हथियारों के इस्तेमाल को लेकर अमेरिका ने आशंका जताई है। परिषद की यह बैठक स्थानीय समयानुसार शुक्रवार सुबह दस बजे होगी। नाम न बताने की शर्त पर एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। गुरुवार दोपहर को रूस ने इस बैठक के लिए एक ट्वीट के जरिए अपने पहले डिप्टी यूएन एंबेस्डर दमित्री पालिएंस्की (Dmitry Polyansky) से अपील की।

इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को यह सीजफायर का ऐलान करेगा और पांच शहरों से सुरक्षित कारिडोर को खोलेगा। अभी रूस ने यूक्रेन के चार बड़े शहरों को घेर लिया है और राजधानी कीव की सीमा के करीब तक पहुंच चुकी है। ताबड़तोड़ रूसी हमलों के बावजूद पूरब में खारकीव अभी यूक्रेन के पास है वहीं उत्तर पूर्व में सूमी (Sumy) रूसी सैनिकों के घेरे में है लेकिन मानवीय कारिडोर के जरिए यहां से हजारों लोग सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे। इसके अलावा राजधानी कीव भी अभी यूक्रेन के पास है। बता दें कि कीव पर रूस की पैनी नजर है और शहर की सीमा पर चारों ओर से रूसी सैनिकों के वाहन देखे जा सकते हैं।

बुधवार को मारियूपोल में बच्चों के अस्पताल को रूसी हवाई हमले ने तबाह कर दिया। इस घटना से यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की काफी गुस्से में आ गए और इसे रूस का युद्ध अपराध (war crime) करार दिया।

पिछले हफ्ते रूसी सैनिकों ने खेरसन ( Kherson) पर कब्जा कर लिया जो क्रीमिया के उत्तर में है और अब उत्तर पश्चिम में माइकोलैव ( Mykolayiv) के लिए जंग जारी है। कुछ सूत्रों के अनुसार माइकोलैव से होते हुए रूस की मंशा ओडेशा (Odessa) पहुंचने की है। पश्चिमी यूक्रेन अब तक जंग से बचा हुआ है।

संयुक्त राष्ट्र ने गुरुवार को बताया कि यूक्रेन में 549 नागरिकों की मौत हुई है जिसमें 41 बच्चे हैं। साथ ही संगठन ने बताया कि वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं अधिक होने की संभावना है। यूक्रेन व पश्चिमी सूत्रो ने दावा किया है कि रूस की ओर से बताए गए सैनिकों की मौत का आंकड़ा कहीं ज्यादा है। यूक्रेन ने कहा है कि 12 हजार से अधिक रूसी सैनिकों की इस जंग में मौत हो चुकी है जबकि अमेरिका के आकलन के हिसाब से यह आंकड़ा 2000 से 4000 के बीच है। रूस ने आधिकारिक तौर पर बयान जारी कर बताया कि यूक्रेन में अब तक उसके 498 सैनिक मारे गए हैं।

यूएन रिफ्यूजी एजेंसी के अनुसार रूसी हमले के बाद से करीब 2.3 मिलियन लोग यूक्रेन छोड़ दूसरे देशों में शरण ले चुके हैं इसमें आधे से अधिक लोग पोलैंड में हैं।