Right Banner

नोएडा में पंकज सिंह को मिली बड़ी जीत, 1 लाख 81 हजार वोटों से जीतें । कार्यकर्ताओ ने मनाई होली

(देव मणि शुक्ल ब्यूरो प्रभारी )

 नोएडा  गौतमबुद्ध नगर जिले की नोएडा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पंकज सिंह ने सपा के सुनील चौधरी को 1 लाख 81 हजार 369 वोटों से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। अब तक के नतीजों में यूपी विधानसभा चुनाव में यह किसी भी प्रत्याशी की सबसे बड़ी जीत है। इस विधानसभा सीट पर बीजेपी को कोई भी दल टक्कर देता हुआ नहीं दिखा। पंकज सिंह के खिलाफ सपा ने सुनील चौधरी, कांग्रेस ने पंखुड़ी पाठक को उम्मीदवार बनाया था।
नोएडा सीट पर 32वें राउंड के नतीजों पर नजर डालें तो सबसे अधिक वोट पंकज सिंह को मिले।
पंकज सिह केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे हैं। 2017 में बीजेपी नेता पंकज सिंह यहां से पहली बार विधायक बने थे। वे 2002 से राजनीति में सक्रिय हैं। 2004 में वे भाजपा युवा मोर्चा की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य बने थे। 2007 में वह यूपी भाजपा इकाई के कार्यकारिणी सदस्य बने। इसी साल पार्टी उन्हें चिरईगांव विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाना चाहती थी लेकिन पिता की सलाह पर उन्होंने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। 2010 में उन्हें यूपी भाजपा का सचिव नियुक्त किया गया। बाद में प्रमोशन देकर उन्हें महासचिव बना दिया गया।

2012 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने नोएडा से महेश कुमार शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा था। बसपा के ओम दत्त शर्मा को हराकर महेश शर्मा विधानसभा पहुंचे थे। 2014 के उपचुनाव में बीजेपी ने विमला बाथम शर्मा पर भरोसा जताया। उन्होंने सपा की काजल शर्मा को हराकर जीत दर्ज की। दरअसल, महेश शर्मा ने 2014 में लोकसभा का चुनाव लड़ा था जिसमें उन्हें जीत मिली। उनके सांसद बनने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। 2017 में बीजेपी ने तत्कालीन गृह मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह को यहां से टिकट दिया। उन्होंने सपा के सुनील चौधरी को हराया और पहली बार विधायक बने। 2022 में पार्टी ने एक बार फिर मौजूदा विधायक पंकज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया। कांग्रेस ने उनके खिलाफ पंखुड़ी पाठक को उतारा है जो एक समय अखिलेश और डिंपल यादव की करीबी रही हैं। पंखुड़ी छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय हैं। बसपा ने कृपा राम शर्मा, सपा ने सुनील चौधरी को टिकट दिया है।