Right Banner

'बुल्ली बाई' और 'सुल्ली डील्स' मामले में दिल्ली पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट, जानिए क्या है मामला

नई दिल्ली, आइएएनएस। अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट मामले में दिल्ली पुलिस ने बुल्ली बाई एप और सुल्ली डील्स को लेकर केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक आपरेशंस (आइएफएसओ) इकाई मामले की जांच कर रही थी। गौरतलब है कि सुल्ली डील्स मोबाइल एप का मामला जुलाई 2021 में सामने आया था। इस एप में महिलाओं की अश्लील तस्वीरें लगाकर उन्हें नीलाम किया जाता था।  सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली की स्थानीय अदालत में चार मार्च को दो हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई थी। जबकि सुल्ली डील्स केस की चार्जशीट 700 पन्नों में दाखिल की गई थी।  सुल्ली डील्स के बाद बुल्ली बाई एप का मामला सामने आया था। दिल्ली की एक महिला पत्रकार ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि मोबाइल एप पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा उसे निशाना बनाया जा रहा है। बुल्ली बाई में भी सुल्ली डील्स एप की तरह महिलाओं की नीलामी की जा रही थी। बुल्ली बाई एप को भी गिटहब प्लेटफॉर्म पर बनाया गया था।  मामले का मुख्य आरोपी नीरज बिश्नोई है। नीरज बिश्नोई ने ही बुल्ली बाई एप बनाया था। दिल्ली पुलिस ने नीरज को 6 जनवरी को गिरफ्तार किया था। सुल्ली डील्स एप बनाने वाले ओंकारेश्वर ठाकुर को दिल्ली पुलिस ने आठ जनवरी को गिरफ्तार किया था।  दिल्ली पुलिस की साइबर सेल की क्राइम ब्रांच ने 8 जुलाई को आईपीसी की धारा 354-ए (यौन उत्पीड़न और यौन उत्पीड़न की सजा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके अलावा 153ए, 153बी, आईपीसी की धारा 66, 67 में भी केस दर्ज किया गया था।