Right Banner

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन, फूलों का महत्व भी जान सकेंगे आम लोग

(देव मणि शुक्ल ब्यूरो प्रभारी )

नोएडा सेक्टर-37 स्थित बॉटनिकल गार्डन में रंग बिरंगे फूलों की खुशबू लेने के लिए तैयार हो जाए। यहां प्रकृति प्रेमियों व आम लोगों के लिए पुष्प प्रदर्शनी लगाई गई है। बृहस्पतिवार को प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया। आम लोग गॉर्डन में घूमते हुए 47 विभिन्न दुर्लभ फूलों की प्रजातियों से रूबरू हो सकेंगे। लोगों को लुभाने के लिए यहां कई प्रकार के फूलों से सजावट भी की गई है। प्रदर्शनी में बैंगनी, लाल, पीले, हरे व सफेद रंग में उपलब्ध कई प्रजातियों के फूल बेहद ही खूबसूरत हैं। पहले ही दिन प्रदर्शनी में लोगों की काफी भीड़ रही।
 सेक्टर-37 स्थित बॉटनिकल गार्डन कई हेक्टेयर में फैला है। यहां हर साल प्रकृति प्रेमियों व आम लोगों के लिए फूलों की प्रदर्शनी लगाई जाती है। बॉटनिकल गार्डन के प्रशासनिक अफसर डॉ. संदीप चौहान ने बताया कि लोगों के लिए यह गार्डन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक खुला रहेगा। पुष्प प्रदर्शनी में 47 दुर्लभ प्रजातियों के सात हजार 245 फूल मौजूद है। इस पुष्प प्रदर्शनी (फ्लावर शो) का उद्देश्य अधिक संख्या में स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, आम लोग, प्रकृति प्रेमियों को वनस्पति उद्यान की तरफ आकर्षित करना एवं भारत की स्थानीय वनस्पतियों का संरक्षण कराना है। यह प्रदर्शनी पांच मार्च तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान कोई भी व्यक्ति गार्डन का दौरा कर फूलों के शो और प्रकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकता है। इस दौरान संजय बाली, डा. प्रियंका, डॉ. शिव कुमार, डा. मयंक द्विवेदी, डा. प्रियंका राणा, आदि लोग मौजूद रहे।