Right Banner

Ukraine Russia War: 'यह हमारी मातृभूमि, हमारे घर वापस जाने का समय है'... पायलट ने यूं बढ़ाया भारतीयों का जोश, देखें Video

नई दिल्ली, जेएनएन। रूस ने यूक्रेन पर 24 फरवरी को हमला बोल दिया था। यूक्रेन पर हमले का आज सातवां दिन है। लगभग एक हफ्ते बाद भी यूक्रेन में हजारों भारतीय फंसे हुए हैं। भारतीय नागरिकों की वतन वापसी के लिए केंद्र सरकार ने दिन-रात एक कर दिया है। लगातार विशेष उड़ानों के जरिए भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जा रहा है। बुधवार को भी कुछ फ्लाइट भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंची हैं।

बुधवार सुबह बुडापेस्ट से भी एक फ्लाइट दिल्ली आई है। इस फ्लाइट के पायलट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। लगभग एक मिनट के इस वीडियो में पायलट विमान में बैठे भारतीयों का जोश बढ़ाते दिख रहे हैं। पायलट लोगों से कह रहे हैं, 'यह हमारी मातृभूमि, हमारे घर वापस जाने का समय है।' पायलट की बातचीत के बाद फ्लाइट में बैठे लोग 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे भी लगा रहे हैं।

केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि अब तक लगभग 6 हजार भारतीयों को वापस लाया जा चुकी है। मुरलीधरन ने कहा, 'लगभग 20 हजार भारतीय यूक्रेन में फंसे थे। इनमें से 24 फरवरी तक 4 हजार भारतीय लोट चुके थे। मंगलवार तक दो हजार से ज्यादा भारतीयों को विशेष विमानों के जरिए भारत लाया गया है।' उन्होंने कहा कि सरकार रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और माल्दोवा के रास्ते बाकी नागरिकों को लाने की कोशिश कर रही है।

बता दें कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमले का एलान किया था। भारतीयों की वापसी के लिए सरकार ने आपरेशन गंगा शुरू किया था। इस मिसन के तहत भारतीय को विशेष उड़ानों के जरिए मुफ्त भारत लाया जा रहा है। 26 फरवरी को पहली फ्लाइट 219 नागरिकों को लेकर मुंबई पहुंची थी।