Right Banner

UP Election 2022: भाजपा देश में नफरत का जहर घोल रही, अंबेडकरनगर में बोले कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी

अंबेडकरनगर, संवाद सूत्र। पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा देश में नफरत का जहर घोल रही है। सिर्फ उनकी पार्टी ही देश को बचा सकती है। वह आलापुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सत्यमवदा पासवान के समर्थन में हेमराजपुर घोसियाना में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में मुसलमानों की स्थिति बदतर होती जा रही है। सपा-बसपा के लोग मुसलमानों का वोट लेकर सरकार तो बनाते हैं, लेकिन इनकी भलाई के लिए कोई काम नहीं करते।

मुसलमानों को तेजपत्ते की तरह प्रयोग किया जा रहा है। चुनाव के दौरान मुसलमानों को भ्रमित करने के लिए अन्य राजनीतिक दल लगे हैं, लेकिन मुसलमान अब समझ चुका है। वह किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। आपसी भाईचारा का संदेश देने वाले भारत में कुछ दल फूट डालने का काम करते हैं। जाति और धर्म के नाम पर वोट मांगा जा रहा है, जबकि विकास, सुशासन व कानून व्यवस्था का विषय चुनावी परिदृश्य से गायब है। जनता इन सरकारों से ऊब चुकी है और कांग्रेस की तरफ उसका झुकाव है। उन्होंने कहा कि हम यहां वोट के लिए नहीं, अपने घर आए हैं। इस क्षेत्र से मेरा व्यक्तिगत लगाव है।

उन्होंने कहा कि महंगाई अपने चरम पर है, गरीब तबका परेशान है।किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है। रोजगार के अवसर बंद होने से युवा बेकार बैठे हैं। छुट्टा जानवर किसानों के लिए समस्या बने हुए हैं, लेकिन सरकार इस तरफ ध्यान न देकर लोगों काे भड़काने का काम कर रही है। सभा को जिलाध्यक्ष अमित वर्मा, प्रत्याशी सत्यमवदा पासवान, खलील आलम, सरोज चौबे, पन्नालाल कनौजिया, इरशाद अली, सुरेंद्र यादव, आशुतोष मिश्र, पुष्पलता, अशोक कनौजिया ने संबोधित किया।