Right Banner

Russia Ukraine War : यूक्रेन में 16 बच्चों समेत कई नागरिक हुए हताहत, लगातार बढ़ रही देश छोड़ने वालों की संख्या

नई दिल्ली, एएनआइ। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध तेज होता जा रहा है। भारत में यूक्रेनी राजदूत डाक्टर इगोर पोलिखा ने सोमवार को कहा कि रूसी सैन्य अभियान के कारण यूक्रेन के कई नागरिक हताहत हुए हैं। नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए पोलिखा ने कहा कि हमारे बहुत से नागरिक हताहत हो रहे हैं। हमारे मंत्रालय की आधिकारिक जानकारी के अनुसार रूस के बम विस्फोटों, गोलीबारी आदि से 16 बच्चे मारे जा चुके हैं।  यूक्रेन में जारी संघर्ष पर जानकारी देते हुए पोलीखा ने कहा कि रविवार को यूरोप के हवाई क्षेत्र को रूसी विमानों के लिए बंद कर दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि रूसी अर्थव्यवस्था हर दिन अपंग होती जा रही है। इन सब हालातों से रूस हताहत हो रहा है। लगभग 5,300 रूसी सैनिकों ने अपनी जान गंवाई है।  पोलिखा ने यूक्रेन के सभी विदेशी भागीदारों से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर युद्ध रोकने के लिए दबाव बनाने का भी अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि आज हमारा प्रतिनिधिमंडल शांति वार्ता के पहले दौर में गया था। शांति वार्ता के दौरान भी लगातार गोलाबारी, बमबारी हुई है।  आज प्रेस वार्ता के दौरान पोलिखा ने कहा कि उनके देश में जारी संघर्ष के कारण यूक्रेन के शरणार्थियों की संख्या 4 लाख से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि अगर युद्ध नहीं रोका गया, तो यह संख्या 70 लाख तक पहुंच सकती है। सीमा पर बहुत लंबी कतारें हैं। लाखों यूक्रेनियन कतार में खड़े हैं और सीमा पार करने की कोशिश कर रहे हैं।  बता दें कि यूक्रेन के राजदूत की यह प्रेस कांन्फ्रेंस राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की द्वारा अपने देश की स्थिति पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात करने और रूस के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में अपने राजनीतिक समर्थन के लिए भारत से आग्रह करने के दो दिन बाद हुई है।  गौरतलब है कि पिछले हफ्ते यूक्रेन के राजदूत ने भारत को बहुत प्रभावशाली वैश्विक खिलाड़ी कहा था और यूक्रेन में चल रहे रूसी सैन्य अभियान के बीच भारत का समर्थन मांगा था। यूक्रेन से नागरिकों के हताहत होने के दावों के बावजूद रूस का कहना है कि वे देश में केवल सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं।