Right Banner

संत रविदास के विचारों को धरातल पर साकार कर रही भाजपा सरकार- विष्णुदत्त शर्मा
                                      
(कंचन गुप्ता ब्यूरोचीफ)
कटनी(एमपी)।संत रविदास जी जन्मोत्सव के पुण्य अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार जनकल्याण के अभियान में जुटी हुई है। पीडित मानवता की सेवा और समाज के वंचितों को आगे लाने का काम भाजपा की सरकार कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को कटनी में संत रविदास जयंती पर आयोजित समारोह को संबेधित करते हुए कही। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 
सामाजिक उत्थान को सरकार ने मिशन बनाया!
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में शासन द्वारा प्रदेश भर में जिला केन्द्रों पर आयोजन हुए और पंचायत स्तर तक  संत रविदास की जयंती मनी। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा इस कार्यक्रम की सफलता में जुटा रहा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सामाजिक उत्थान को मिशन बनाया है। वंचितों को उनके अधिकार मिले और सरकार की योजनाएं अंत तक पहुंचे। इस लक्ष्य के साथ सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी सदैव कर्म की प्रधानता को प्रमुखता देते थे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने संत शिरोमणि के महान विचारों को आत्मसात किया है। 
संत रविदास ने सामाजिक बुराईयों को दूर कर लोगों में अलख जगाई
    श्री शर्मा ने कहा कि देश को आजाद कराने में हमारे स्वतंत्रता सैनानियों का योगदान रहा है। इसी तरह सामाजिक आंदोलनों में हमारे संतों, महंतों और समाज सुधारकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। संत शिरोमणि रविदास महाराज ने समाज की बुराईयों को दूर कर शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए आमजन में अलख जगाई। उन्होंने समाज में सकारात्मक चेतना लाने का काम किया। 
समाजजनों के साथ किया समरसता भोज!
    प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रम के पश्चात रंगनाथ मंदिर पहुंचकर संत रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष ने संत रविदास कल्याण समिति रंगनाथ मंदिर के सदस्यों एवं समाजजनों के साथ समरसता भोज किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी के सिद्धांतों का अनुसरण ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता को अपने जीवन मे उतार कर हम समाजिक बदलाव ला सकते हैं। इसी समरसता का सन्देश हमें संत शिरोमणि ने दिया। श्री शर्मा ने कहा कि रविदास समाज के लोगों के साथ भोजन करना हमे गौरव प्राप्त कराता है। 
इस दौरान जिलाध्यक्ष श्री रामरतन पायल, विधायक श्री संजय पाठक, श्री संदीप जायसवाल, पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेश सोनी, श्री पीताम्बर टोपनानी, अनुसूचित जन जाति के जिलाध्यक्ष इंजीनियर राजेन्द्र कोल, पूर्व पार्षद श्रीमती शोभा, संत रविदास कल्याण समिति रंगनाथ नगर अध्यक्ष श्री संतोष, श्री जितेंद्र सूर्यवंशी, श्री पुन्नूलाल चौधरी, श्री रामू चौधरी, श्री बाल गोविंद चौधरी, श्री रसिया साकेत, श्री सूरज बली सोनी श्री कमलेश चौधरी सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।