Right Banner

रातों-रात सुपर माडल बना दिहाड़ी मजदूर, जानें- एक ही झटके में कैसे बदली किस्मत

रातों-रात सुपर माडल बना दिहाड़ी मजदूर, जानें- एक ही झटके में कैसे बदली किस्मत
कोझिकोड, जेएनएन। किस्मत कब किसी को फर्श से अर्श पर ले जाए कोई नहीं जानता है। किस्मत ऐसी चीज है जो पलभर में ही चाहे तो किसी अमीर को गरीब और गरीब को अमीर बना सकती है। ऐसे कितने ही उदाहरण हैं जो इस बात का प्रमाण हैं। ऐसा ही एक और मामला देखने को मिला है, जिसमें एक दिहाड़ी मजदूर की किस्मत चमकी और वो रातों-रात एक सुपर माडल बन गया है।

ये कहानी है केरल के कोझिकोड के रहने वाले 60 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर मम्मिक्का की। इनकी किस्मत ऐसी चमकी कि ये दिहाड़ी मजदूर से माडल बन गए। दरअसल एक फोटोग्राफर की नजर मम्मिक्का पर पड़ी और उसने मजदूर की किस्मत पलभर में बदल दी।

मम्मिक्का की उम्र 60 साल है और वे एक दिहाड़ी मजदूर हैं। फोटग्राफर ने उनका ऐसा मेकओवर किया कि उनकी तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर धमाल मचा दिया। मम्मिक्का ने एक लोकल फर्म प्रमोशन के लिए फोटोशूट किया है। मम्मिक्का ने इस फोटोशूट में एक रायल सूट पहना है और वे हाथ में आईपैड लिए नजर आ रहे हैं।

कहते हैं कि सबकुछ ऊपरवाला करता है लेकिन किसी ना किसी को उसका जरिया बनाता है। मम्मिक्का की किस्मत बदलने का पूरा क्रेडिट भी उसे फोटोग्राफर को ही जाता है, जिसने मजदूर को फर्श से अर्श पर पहुंचा दिया। इस फोटोग्राफर का नाम शारिक वायलिल है, जिन्होंने इस दिहाड़ी मजदूर में माडलिंग की प्रतिभा को देखा। शारिक ने मम्मिक्का की तस्वीर अपने सोशिल मीडिया पेज पर शेयर की हैं। उन्होंने पहले एक फोटो शेयर की, जो अभिनेता विनायकन से काफी मिलती-जुलती है। मम्मिक्का की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा वायरल हुई। इसके बाद शारिक ने फिर इस फोटोशूट के लिए मम्मिक्का का मेकओवर किया। मम्मिक्का का मेकओवर जिस मेकअप आर्टिस्ट ने किया है उनका नाम मजनस है।