Right Banner

श्रद्धा, परंपरा से मनाया जा रहा भैया दूज का पर्व*

प्रयागराज: पांच दिवसीय दीपोत्सव के अंतिम क्रम में गुरुवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व श्रद्धा, परंपरा के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर घरों में दिनभर काफी उत्साह है। बहनों ने सुबह भाइयों के दीर्घायु और यश वृद्धि के लिए सविधि आराधना की।

थाली में रोली, अक्षत, चंदन, मिष्ठान, पुष्प फल, लावा, पुष्प, सुपारी आदि सजाकर आरती की। भाइयों ने बहनों को यथाशक्ति उपहार भेंट किया। शाम को यम के निमित्त दक्षिणामुखी दीप जलाकार भाईयों के मंगलमय जीवन की कामना करेंगी।

एमजी मार्ग स्थित चित्रगुप्त मंदिर केपी ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी जितेन्द्र नाथ ने भगवान चित्रगुप्त का विधिविधान से आरती, पूजन किया। सामूहिक कलम-दवात का पूजन करके ज्ञान, वैभव की कामना की गयी। बही खातों पर श्री लिखकर मंत्रोच्चार के साथ पूजा की गयी।
चित्रगुप्त वंशज सभा की ओर से करेली स्थित गुरु तेग बहादुर नगर में सामूहिक कलम-दवात का पूजन किया गया। चित्रगुप्त मंदिर मुठ्ठीगंज में नवीन सिन्हा ने आराध्य चित्रगुप्त का पूजन-अर्चन किया। यम द्वितीया पर गंगा-यमुना में लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई।