Right Banner

नोएडा  सहायक श्रम आयुक्त कृते उप श्रम आयुक्त सुभाष चन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा  11.08.22 से 17.08.22 तक पूरे प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किये जाने के निर्देश दिये गये है। उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उप श्रम आयुक्त धर्मेन्द्र कुमार सिंह द्वारा  22.07.22 को एम0एस0एम0ई0 एसोसिएशन एवं  23.07.22 को एन0ई0ए0 संगठन के साथ वृहद बैठक की गई।
 उन्होंने बताया कि बैठक में उपस्थित सेवायोजक संगठन के पदाधिकारियों से उप श्रम आयुक्त द्वारा अपील की गई कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाये जाने के लिए संगठन से जुड़े समस्त प्रतिष्ठानों के सेवायोजकों को प्रतिष्ठान स्तर पर तिरंगा फहराये जाने का कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया जाए एवं श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा जारी विभिन्न हितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाये। उप श्रम आयुक्त द्वारा यह भी अपील की गई कि सेवायोजक संगठन अपने सभी सदस्यों/पदाधिकारियों को इस के लिए निर्देशित करें कि उनके अधीनस्थ प्रतिष्ठान स्वामी अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को तिरंगा झण्डा फहराये जाने के लिए जागरूकता के माध्यम से प्रेरित करें साथ ही प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को इस के लिए भी जागरूक किया जाए कि वह अपने घरों एवं घरों के आस-पास के आवासीय क्षेत्र में तिरंगा झण्डा फहराये, जिससे आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रम को वृहद स्तर पर सफल बनाया जा सके।