Right Banner

भदोही में सुरियावां थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पांडेयपुर ग्रामसभा के चक दुखर गांव में मंगलवार सुबह जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मनबढ़ व्यक्ति ने पति-पत्नी को गोली मार दी। 55 वर्षीय छांगुर पाल व उनकी 52 वर्षीय पत्नी बुधना देवी के पेट में गोली लगी है। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी डॉ अनिल कुमार भी पहुंचे। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज करते हुए एक आरोपित को हिरासत में लिया है। 

बताया जाता है कि छांगुर पाल और देवराज पाल के बीच ग्राम सभा द्वारा दिए गए पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। मंगलवार की सुबह आरोपित देवराज उस पर निर्माण करा रहा था। जिसका छांगुर राम ने विरोध किया। इसी दौरान दोनों में कहासुनी हुई। आरोप है कि देवराज ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली छांगुर राम के पेट में लगी। पत्नी बुधना देवी ने विरोध किया तो उसे भी गोली मार दी गई। गोली चलने से गांव में हड़कंप मच गया। इससे पहले कि लोग जुटते आरोपी मौके से फरार हो गए। 

एसपी ने बताया कि आरोपी देवराज समेत चार लोगों के खिलाफ सुरियावा थाने में हत्या के प्रयास समेत अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों के गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया गया है।