Right Banner

तापमान भले ही शनिवार की अपेक्षा एक डिग्री सेल्सियस के आसपास कम रहा हो पर रविवार को गर्मी से तनिक भी राहत नहीं थी। भीषण गर्मी और उमस से पूरे दिन लोग पसीने से तरबतर रहे। मौसम विभाग बता रहा है कि फिलहाल सप्ताह भर गर्मी और उमस से राहत मिलने वाली नहीं है। उधर, लखनऊ की हवा रविवार को मध्यम रही। एक्यूआई 170 दर्ज किया गया

मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि रविवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पर कहीं-कहीं हल्की बदली से तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के नीचे ही रहा। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को हवा भी ना के बराबर चली। हवा ना चलने से गर्मी अधिक थी। वहीं उमस भी रही। मौसम विभाग ने हवा में 71 फीसदी आर्द्रता दर्ज की। मौसम विभाग ने रविवार को जो पूर्वानुमान लगाया है उसके मुताबिक अगले एक सप्ताह तक गर्मी से छुटकारा मिलने वाला नहीं है।

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले छह दिनों तक मौसम का यही हाल रहेगा। अधिकतम तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के आसपार रहेगा।

हवा में प्रदूषण रहा मध्यम
गर्मी के साथ प्रदूषण से भी राहत नहीं मिल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक लखनऊ का रविवार को एक्यूआई 170 रहा। यह मध्यम की श्रेणी में है। प्रदूषण के मामले में तालकटोरा शीर्ष पर बना हुआ है। यहां का एक्यूआई 285 रहा। वहीं लालबाग का एक्यूआई 210 रहा। यह खराब स्थिति है। वहीं सबसे अच्छी हवा कुकरैल की रही। यहां एक्यूआई 85 रहा। वहीं अम्बेडकर विश्वविद्यालय का एक्यूआई 127, सेंट्रल स्कूल अलीगंज का 164, गोमतीनगर का 160  रहा।