Right Banner

फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर में महिला की हुई संदिग्ध हालात में मौत का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या उसके पिता ने ही गला दबाकर की थी। वह पुलिस को गुमराह कर रहा था। 

सैदपुर निवासी रंजना पुत्री महेंद्र यादव की 16 मई को संदिधावस्था में मौत हो गई थी। पिता ने पुलिस को फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी रही। घटना का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ ने बताया कि रंजना की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। ससुराल के लोगों ने छोड़ दिया था।

पिता महेंद्र यादव ने अपनी छोटी बेटी की शादी रंजना के पति से कर दी थी। इसी बात को लेकर रंजना का उसके पिता से अक्सर विवाद होता था। 16 मई को विवाद के दौरान महेंद्र ने रंजना को धक्का दे दिया था। रंजना के गिर जाने के बाद उसने गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना के बाद से वह पुलिस को गुमराह कर रहा था। पुलिस ने आरोपी महेंद्र यादव को फूलपुर कोतवाल अनिल सिंह ने अपने हमराहियों के साथ सोमवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।