Right Banner

मौसम ने सोमवार को दोपहर बाद एक बार फिर से करवट ली। दिन में तेज धूप के बाद अचानक से आसमान में काले बादल घिर आए। इसके साथ ही चली तेज आंधी ने लोगों की मुसीबतों को बढ़ा दिया। लगभग 100 की रफ्तार से चली हवाओं से नोएडा के थाना 63 क्षेत्र में हादसा हो गया। यहां, तेज आंधी और बारिश से दीवार गिर गई जिसकी चपेट में आने से 10 महिलाएं और बच्चे हुए घायल हो गए है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एक बच्चे की हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार चोटपुर कॉलोनी में सोमवार को एक प्रस्तावित मंदिर की जमीन पर आसपास की कुछ महिलाए कीर्तन कर रही थी। शाम के समय आई तेज बारिश और आंधी के कारण वहां बनी एक चार इंची की दीवार गिर गई। जिसके कारण कीर्तन कर रही चोटपुर कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय संगीता, 35 वर्षीय रीना, 5 वर्षीय गोलू, 33 वर्षीय आकांक्षा, 60 वर्षीय लीलावती, 40 वर्षीय सीमा, 12 वर्षीय स्नेहा, 55 वर्षीय बेबी, 10 वर्षीय हरमन कुमार और 40 वर्षीय नीरज दीवार के मलबे में दब गए।

घटना की सूचना पर पहुंची सेक्टर-63 थाना पुलिस ने लोगो की मदद से तुरंत घायलो को मलबे से निकाला और पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार 60 वर्षीय लीलावती की गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली सफदरजंग अस्पताल के लिए रैफर किया गया है। अन्य सभी घायलो का उपचार चल रहा है।

आंधी से उखड़े पेड़
इसके अलावा सेक्टर 15-A के सामने भी एक पेड़ टूटकर सड़क पर गिरने से जाम लग गया। नोएडा में चली आंधी इतनी तेज थी कि जिला अस्पताल तक का बोर्ड बीच से टूट गया। सेक्टर-15 के सी ब्लाक, सेक्टर-29 , सेक्टर 44, सेक्टर 48, सेक्टर 50, सेक्टर 51, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे, सेक्टर 122, सेक्टर 121, सेक्टर 71, ग्रेनो वेस्ट, नोएडा एक्सटेंशन, सेक्टर 27 के अलावा अन्य कई सेक्टरों के अंदर पेड़ और बोर्ड गिर गए तथा विभिन्न स्थानों पर लगे टीन शैड भी इस आंधी में उखड़ गए। इनके फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गए।