Right Banner

स्कूल में पिछली बेंच पर बैठने वाला लड़का अब बॉलीवुड में नाम कमा रहा है। शुक्रवार को रिलीज हुई हिंदी फिल्म देहाती डिस्को के सभी छह गीत गीतकार प्रणव वत्स ने लिखे हैं। प्रणव भागलपुर के खरमनचक के रहने वाले हैं। प्रणव अमिताभ बच्चन, सोनू सूद, अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, तमन्ना भाटिया आदि लोकप्रिय हीरो व होरोइनों की फिल्मों के लिए गीत लिख चुके हैं।

आने वाले समय में प्रणव प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन मनारा चोपड़ा के साथ एक गाने में अभिनय करते दिखेंगे। साथ ही इस साल तीन और वीडियो अलबम में अपनी आवाज़ और अभिनय से लोगों का दिल जीतेंगे। प्रणव ने बताया कि भागलपुर से वह 2005 में मुंबई आये थे। यहां संघर्ष चलता रहा। छोटे-छोटे काम मिलते रहे, लेकिन मुकाम 2015 में मिला। जब डीजे वाले बाबू मेरा गाना बजा दे....’ और ‘बिरजू...’ गीत सुपरहिट हुआ। 

इसके बाद ‘नाच मेरी बुलबुल कि पैसा मिलेगा...’ गीत ने प्रणव की प्रतिभा को एक मुकाम तक पहुंचा दिया। उन्होंने बताया कि वह अब गीतकार से कलाकार भी बन चुके हैं और कई वीडियो में एक्टिंग करते नजर आयेंगे। हाल ही में ज़ी म्यूजिक कंपनी के एक गाने में तेजस्वी प्रकाश के साथ बतौर अभिनेता और गायक डेब्यू किया। इसमें इनकी गायकी और अभिनय की जमकर सराहना हुई। 

2005 में मिस्टर भागलपुर बने थे प्रणव

वर्ष 2005 में भागलपुर में रोटरी क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रणव मिस्टर भागलपुर बने थे। यहां रहते हुए शहर की कई घटनाओं पर नाटक का मंचन किया और शॉर्ट फिल्में भी बनाईं।

पढ़ाई में थे कमजोर, लेकिन आत्मविश्वास की कमी नहीं

खरमनचक निवासी सुनीता सिंह व रामधीश सिंह के पुत्र प्रणव की स्कूली शिक्षा नवयुग विद्यालय में हुई। पढ़ाई व आर्थिक स्थिति में कमजोर होने के कारण वह पिछली बेंच पर बैठते थे। समाज की ओर से भी ताना सुनने को मिलता थे, लेकिन संगीत से लगाव होने के कारण आत्मविश्वास बनाए रखा कि एक दिन उनका भी समय आएगा। प्रणव ने बताया कि जिला स्कूल से 10वीं व मारवाड़ी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।  

कोरियोग्राफर गणेश आचार्य का अहम योगदान

प्रणव ने बताया कि लोकप्रिय कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने उनके करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साथ 10 साल से जुड़ा हुआ हूं। उनकी हर फिल्मों में गाना लिखने का ऑफर आता है। देहाती डिस्को में भी सभी गीत उनके ही लिखे हुए हैं। यहां तक कि इस फिल्म की शुरुआत में अक्षय कुमार के द्वारा दिया गया संवाद भी मेरा लिखा हुआ है।